Helpline +919415567039 || ct.up@smarthindustan.news

Updated Mon, 10 May 2021 11:35 PM

क‌र्फ्यू में कोई नहीं सोएगा भूखा, प्रशासन की चढ़ गई कढ़ाई

जागरण संवाददाता, चित्रकूट : कोरोना संकट से जूझ रहे गरीब व बेसहारा लोग अब भूखे पेट नहीं सोएगें। जिला प्रशासन ने उनके भोजन का प्रबंध कर दिया है। सभी तहसीलों में सामुदायिक रसोई शुरू करने के निर्देश दिए है। जिसके तहत रविवार को सदर ब्लाक में सामुदायिक रसोई का शुभारंभ हो गया है। पहले दिन करीब डेढ़ सौ जरूरतमंदों तक भोजन पैकेट पहुंचाए गए। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि तहसील कर्वी में कम्युनिटी किचन (सामुदायिक रसोई) परिसर में शुरू कर दी गई है। कोरोना क‌र्फ्यू की समय सीमा बढ़ने से लोगों की दिक्कतें बढ़ रही हैं। तमाम लोगों के कामधंधें बंद है जो गरीब परिवार है उनके पास तक भोजन पहुंचाने का काम शुरू किया गया है। अभी सदर तहसील में शुरूआत हुई है एक दो दिन में मऊ, मानिकपुर और राजापुर में सामुदायिक रसोई शुरू कर दी जाएगी। जिले में कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं सोएगा। जो भी जरूरत मंद वह अपनी तहसील में संपर्क कर सकता है। सदर एसडीएम रामप्रकाश ने बताया कि पहले दिन करीब डेढ़ सौ पेकेट बांटे गए हैं। डिमांड के अनुसार इसकी संख्या बढ़ाई जाएगी। दोनों टाइम ताजा भोजन बनाया जा रहा है।

5 जी ट्रायल की अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई : एसपी

जागरण संवाददाता, चित्रकूट : कोरोना महामारी के बीच कुछ अराजक तत्व इंटरनेट मीडिया में गलत अफवाह फैला रहे हैं। उसमें एक 5 जी ट्रायल की भी एक अफवाह है। ऐसी अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ जिला पुलिस ने सख्ती से निपटने का फैसला किया है। एसपी ने लोगों को साफ हिदायत दी है कि ऐसे कृत्य जो भी करेगा उसके खिलाफ गंभीर धारा में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। एसपी अंकित मित्तल ने लोगों के अपील की है कि कोरोना काल के बीच इंटरनेट की अफवाहों पर ध्यान न दें। कहा हैं कि 5 जी ट्रायल के संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से बार-बार अपील करने के पश्चात भी कुछ लोग फेसबुक, व्हाट्सअप, ट्विटर, इंस्टाग्राम, मैसेंजर आदि के माध्यम से 5 जी ट्रायल की अफवाह फैला रहे हैं। पुलिस ऐसे लोगों पर सतर्क ²ष्टि रख है। इन ग्रुप एडमिन व सदस्यों के विरूद्ध गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर कार्यवाही की जा रही है। सभी लोग किसी भी प्रकार के अफवाह को न फैलाये न ही फैलाने में मदद करें। यदि आपके व्हाट्स-अप ग्रुप में या आपके संज्ञान में इंटरनेट पर अफवाह फैलाने वाले मैसेज आते है तो आप उसे ग्रुप से बाहर करें और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।

कोरोना काल में ही पिछले साल निर्मल थीं मंदाकिनी, अब प्रदूषण से पटी

मंदाकिनी नदी चित्रकूट की जीवन रेखा है धार्मिक महत्व रखने वाली सलिला से जिले के लाखों लोगों की प्यास बुझती है तो प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु इसमें डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाते है लेकिन लोगों के पाप धोने वाली मंदाकिनी आज अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रही है। रामघाट, भरतघाट, पन्ना घाट समेत राजाघाट के इंटकवेल में जबरदस्त प्रदूषण है। जिला मुख्यालय में पुल घाट और सुंदरघाट में गंदगी के मारे स्नान तक की जगह नहीं है। सिचाई विभाग के अधिकारी आंखमूंदें हैं। जबकि बीते माह बुंदेलखंड विकास बोर्ड उपाध्यक्ष राजा बुंदेला अधिकारियों पर काफी नाराज हुए थे और मुख्यमंत्री व जल संसाधन मंत्री से शिकायत करने की बात कही थी लेकिन उसका भी असर जिला प्रशासन पर नहीं पड़ा है। सिचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता आशुतोष कुमार कहते हैं कि इस साल कोरोना का व्यापक असर है। उनके घर में ही दस लोग बीमार है। किसी तरह एक-एक दिन गुजर रहा है। थोड़ा कोरोना थमे तो मंदाकिनी में ध्यान दिया जाएगा। डीएम से सफाई की मांग बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि सिचाई विभाग के पास नदी सफाई का बजट आता है। कोरोना क‌र्फ्यू में नदी सफाई से मजदूरों को काम मिलेगा और नदी की विधिवत सफाई हो जाएगी। डीएम से मांग की है कि नदी सफाई का कार्य शुरू कराया जाए।